फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भवाली में युंका नेता ने खुद को गोली मारी

Tue, 31 May 2016 11:40 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो ,भवाली (नैनीताल)।
विज्ञापन
विज्ञापन
युंका के नैनीताल लोकसभा क्षेत्र युवक कांग्रेस महासचिव हिम्मत सिंह नेगी उर्फ हीरा (38) ने मंगलवार की शाम खुद को गोली मार ली जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युंका नेता की मौत की खबर मिलते ही उनके आवास में आसपास के लोगों का तांता लग गया। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गोली मारने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक युंका नेता हिम्मत सिंह नेगी पुत्र स्व. बच्ची सिंह नेगी यहां भवाली-भीमताल रोड किनारे स्थित नगारी गांव में परिवार के साथ रहते थे और ठेकेदारी करते थे। बताया जाता है कि आज सुबह से ही वह अपने घर पर थे। शाम साढ़े चार बजे के करीब उन्होंने घर में ही तमंचा सिर से सटाकर गोली मार ली। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। मां भी पड़ोस में गई हुई थी। मां को भी घटना की जानकारी काफी देर बाद तब हुई जब वह हीरा के कमरे में गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हीरा यहां गोविंद बल्लभ पंत इंटर कालेज प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष भी थे। उनके परिवार में पत्नी, एक साल की बेटी, मां और उनके दो भाई हैं। कांग्रेस की बैठकों के अलावा क्षेत्र में होने वाले सामाजिक कार्यों में वह बढ़ चढ़कर भागीदारी करते थे। घटना की सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस मौके पर पहुंच गई है। ग्रामीणों के मुताबिक घटना के वक्त उनके भाई दर्शन नेगी नैनीताल थे जबकि दूसरे भाई जगदीश नेगी नौकुचियाताल गए हुए थे। पत्नी कुछ दिन पहले ही बेटी को लेकर अपने मायके ताड़ीखेत (रानीखेत) गई हुई है। बताया जाता है कि तीन दिन पहले ही हीरा ने ताड़ीखेत में शादी की सालगिरह मनाई थी। पटवारी बीसी भंडारी ने बताया कि कमरे से तमंचा बरामद हुआ है। राजस्व पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें