हल्द्वानी। राज्य के सभी विकासखंडों में 8वीं और 10वीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं को डिजिटल साक्षर बनाया जाएगा। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय ने राज्य के 21 हजार युवक-युवती मंगल दलों के सदस्यों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय किया है। पहले चरण में इस वर्ष प्रत्येक ब्लॉक में 15 से 40 आयु वर्ग के 225 प्रतिभागियों का चयन किया गया है।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम दो तरह का होगा। पहला सामान्य डिजिटल प्रशिक्षण और दूसरा डिजिटल वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण। इसमें युवाओं को डिजिटल साक्षर बनाने और उन्हें साइबर फ्रॉड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रतिभागियों को ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी जाएगी। बताया कि 12 दिवसीय प्रशिक्षण 20 फरवरी से शुरू होगा।