नैनीताल रोड स्थित सरस मार्केट के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस ने स्कूटी सवार वजीर को टक्कर मार दी। बच्चे को स्कूल में छोड़कर मंगल पड़ाव जा रहे वजीर टक्कर के बाद सड़क पर गिरे और उनका सिर बस के पहिये के नीचे आ गया। जिससे वजीर की मौत हो गई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
उजाला नगर निवासी वजीर को मौत ने दो बसों की चाल से मात दे दी। पहली वह बस जो उसके बच्चे को लेकर स्कूल जाने वाली थी और दूसरी वह जिसने वजीर की जिंदगी एक पल में खत्म कर दी। वजीर की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वजीर का शव घर पहुंचते ही वहां ऐसा कोहराम मच गया कि हर कोई सिहर उठा। लोगों का यह कहना था... काश स्कूल बस आ जाती तो वजीर जीवित होता।
विज्ञापन
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के उजाला नगर निवासी वजीर की मौत ने उसके पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। वजीर का बेटा तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ता था और रोजाना स्कूल बस से ही आता-जाता था। बुधवार को बस नहीं आई तो वजीर ने खुशी-खुशी बच्चे का बैग अपने कंधे पर टांगा और उसे स्कूटी पर बैठाकर स्कूल रवाना हो गया। उसने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि यह उसका आखिरी सफर होगा। बेटे को स्कूल छोड़कर लौटते समय हुए भयावह हादसे में वजीर की मौके पर ही मौत हो गई।
आखिरी बार चेहरा तक नहीं देख पाए
सुबह करीब साढ़े छह बजे हुए हादसे की खबर आग की तरह फैली। सूचना मिलते ही पुरुष घटनास्थल तो महिलाएं वजीर के घर पहुंच गई। मौके का दृश्य देख लोग सिहर उठे। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया तो वहां चीत्कार मच गई। हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के वजीर की दर्दनाक मौत से हर कोई भावुक दिखा। लोग कह रहे थे कि हादसे की वजह से वे नेकदिल इन्सान का चेहरा भी नहीं देख पाए।