हल्द्वानी। मुरादाबाद से काठगोदाम रेलवे स्टेशन तक संचालित मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन में चेकिंग के दौरान आरपीएफ ने एक युवक को महिला कोच में यात्रा करते हुए पकड़ा। आरपीएफ ने गिरफ्तार कर उसे दो दिन के लिए जेल भेज दिया है।
आरपीएफ चौकी प्रभारी विष्णु सिंह राणा ने बताया कि उनकी टीम शुक्रवार को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इस बीच स्टेशन पर पहुंची मुरादाबाद पैसेंजर (55303) में चेकिंग करते समय आरपीएफ ने लालकुआं बंगाली बस्ती निवासी सद्दाम को महिलाओं के कोच में यात्रा करते पकड़ लिया। आरपीएफ ने सद्दाम को गिरफ्तार कर रेलवे मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। रेलवे मजिस्ट्रेट शचि शर्मा के निर्देश पर सद्दाम को जेल भेज दिया गया।
बताया कि प्लेटफार्म पर सिगरेट पी रहे चार लोगों को भी आरपीएफ ने रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। सभी आरोपियों से 100-100 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर रणदीप कुमार ने एक युवक को बाइक से ट्रैक पार करने पर गिरफ्तार किया। युवक से कोर्ट के आदेशानुसार 100 रुपये जुर्माना वसूला गया।