हल्द्वानी। एसटीएच में बुधवार की रात मरीज को लेकर पहुंचे 108 एंबुलेंस कर्मी पर निजी एंबुलेंस से जुड़े लोगों ने हमला कर दिया। शिकायत के बाद भी मेडिकल चौकी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित के साथी कर्मचारियों ने शुक्रवार को एसपी सिटी से शिकायत की। इस पर एसपी सिटी ने पीड़ित को शीघ्र न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
108 एंबुलेंस के कर्मचारी दीप चंद्र ने पुलिस को बताया कि वह कालाढूंगी से मरीज को लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल में बुधवार रात गया था। इस बीच इमरजेंसी के बाहर खड़े प्राइवेट एंबुलेंस से जुड़े लोगों ने उसके साथ गालीगलौज की।
विरोध करने पर उन्होंने उस पर हमला कर दिया। इसकी सूचना उसने मेडिकल चौकी पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर शुक्रवार को 108 के कर्मचारियों ने एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पीड़ित दीप चंद्र ने कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।