हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में गड़बड़ी मामले की सीबीआई या न्यायिक जांच होनी चाहिए। कम से कम एसआईटी जांच तो होनी ही चाहिए ताकि श्रमिकों की आशंका दूर हो सके।
यहां आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व सीएम ने कहा कि भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में चार सौ करोड़ के घोटाले और अनियमितता के समाचार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की आंतरिक जांच में बात सामने आ रही है कि खरीद-फरोख्त में अनियमितता या गड़बड़ी हुई है। रावत ने कहा कि यह गरीबों का पैसा है। श्रमिकों के मन में आशंका है कि उनके पैसे का दुरुपयोग हुआ है।
रावत ने कहा कि उनके समय में बोर्ड में पंजीकरण का काम शुरू हुआ। उनके समय दो लाख लोग पंजीकृत हुए थे। इससे श्रमिकों को स्वस्थ, बच्चों की पढ़ाई, शौचालय निर्माण आदि के लिए राशि मिलती है। उनकी सरकार इसमें ढाई सौ करोड़ छोड़कर गई थी। एक विभाग में टेंडर प्रक्रिया में कोई घोटाला हुआ या कोई करवाना चाहता था। इस पर मंत्री और अधिकारी का अपना-अपना पक्ष था। इस मामले में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मामले की जांच अपर मुख्य सचिव को सौंपी थी जिसकी रिपोर्ट सीएम को सौंपी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।
नोटबंदी से गरीब और गरीब हुआ
हल्द्वानी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आज के दिन चार साल पहले नोटबंदी की गई थी। इससे गरीब और गरीब हुआ है। चंद अमीर लोगों को लाभ हुआ। कहा कि कांग्रेस के समय जो जीडीपी दर दस से ऊपर थी, वह अब माइनस में पहुंच गई है। प्रति व्यक्ति आय लोगों की कम हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और त्रिवेंद्र सरकार रोजगार देने में नाकाम रही है, बेरोजगारी बढ़ी है। इसमें भी राज्य सरकार केंद्र से भी पीछे रही है।
कौन है जो आ रहा है...
हल्द्वानी। विधानसभा चुनाव आने वाले हैं कांग्रेस का चेहरा कौन होगा? क्या वे चुनाव लड़ेंगे। इन सवालों के जवाब में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सभी चेहरे हैं। कुछ लोगों के पार्टी में आने के सवाल पर कहा कि काफी समय से बात हो रही है। पर वह कौन है जो आ रहा है। ...आ कोई नहीं रहा है। रावत ने कहा कि ट्रंप चले गए। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद पहली बार रावत के हल्द्वानी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण किया। इस दौरान कांग्रेस नेता नारायण पाल, ललित जोशी, दीपक बल्यूटिया, संजय साह, खजान पांडे, भोला भट्ट आदि मौजूद थे।