गौला बैराज में पानी का जलस्तर बढ़ने के बाद खोला गया गेट।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार तड़के हुई बारिश के बाद सुबह साढ़े नौ बजे काठगोदाम में बैराज का गेट अचानक खोलने से गौला नदी में जलस्तर काफी बढ़ गया और मजदूरों की जान आफत में आ गई। रेता-बजरी से भरे कई वाहन भी पानी में फंस गए। देर शाम पानी कम होने के बाद कुछ वाहन निकाले जा सके। नंधौर नदी में बारिश का पानी बढ़ने के बाद हुई फजीहत से भी प्रशासन के सबक न लेने के कारण यह स्थिति बनी।
अब बाकी बचे ढाई सौ से ज्यादा वाहन सोमवार को निकाले जाएंगे।रविवार तड़के हुई बारिश के बाद गौला का जलस्तर 1909 क्यूसेक पहुंच गया। सिल्ट आने के कारण बैराज की जालियों में कचरा फंस गया। इस कारण पानी बढ़ता गया। सुबह 9:30 बजे बैराज के गेट खोल दिए गए। इसके कुछ देर बाद ही नदी में पानी काफी बढ़ गया। इससे गौला में खनन कार्य में लगे वाहन चालकों व मजदूरों में हड़कंप मच गया।
गौला के शीशमहल गेट से लेकर लालकुआं तक उपखनिज की निकासी को पहुंचे डंपर व ट्रक भी फंस गए। देर शाम जलस्तर घटने पर कुछ वाहन निकाले जा सके। इसके बावजूद 268 ट्रक व डंपर फंसे रह गए। इनकी निकासी अब सोमवार को की जाएगी। गौला रेंजर चंदन अधिकारी ने बताया कि गौला में सात हजार से अधिक वाहन उपखनिज की निकासी कर रहे हैं। बारिश बढ़ने के कारण खनन वाहन नदी में फंसे रह गए। शीशमहल गेट में सबसे अधिक 101 वाहन तय समय पर निकासी नहीं कर पाए। इंदिरानगर गेट में भी 98 वाहन फंसे हैं।
बारिश से तापमान पांच डिग्री लुढ़का
नैनीताल जिले में रविवार सुबह तेज हवा के साथ बारिश हुई। कुछ देर की बारिश से मौसम में ठंड भी रही। हालांकि दिन में धूप और बादल के साथ उमस रही। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और मैदानी इलाकों में तेज हवा और बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान पांच डिग्री घटकर 31.6 और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम 16.7 और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश और तेज हवा ने उड़ाई बिजली
रविवार तड़के बारिश और तेज हवा के चलते बिजली लाइनों पर पेड़ों की टहनियां गिर गईं जिससे एक घंटे तक करीब 3000 उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार रानीबाग से गौलापार जा रही 33 केवी की बिजली लाइन पर पेड़ की टहनी गिर गई। इससे गौलापार के कई गांवों की बत्ती गुल हो गई हालांकि यूपीसीएल की टीम ने वैकल्पिक व्यवस्था की और बिजली सप्लाई बहाल कर दी। वहीं ग्रामीण डिवीजन के लामाचौड़ क्षेत्र में 11 केवी लाइन पर टहनी गिरने से सप्लाई बाधित हो गई। एसडीओ वीबी जोशी ने बताया कि टहनियों के गिरने से बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए जिससे करीब एक घंटे तक तीन हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया कि गौलापार के गांवों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली सुचारु कर दी गई।