रामनगर (नैनीताल)। थाना क्षेत्र के एक गांव में हेयर कटिंग की दुकान के कर्मचारी ने छात्रा से छेड़छाड़ कर उसे जबरन दुकान के अंदर बंद कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से यूपी के जिला रामपुर तहसील स्वार निवासी इसरार गांव मेें हेयर कटिंग की दुकान में काम करता है। आरोप है कि रविवार दोपहर उसने गांव की एक छात्रा से छेड़छाड़ की और उसे जबरन दुकान के अंदर ले गया। इसी समय आसपास के लोगों ने उसे देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में छात्रा के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।