नैनीताल। रामगढ़ ब्लाॅक स्थित मुक्तेश्वर के पास सुनकिया गांव की महिलाओं ने निजी स्तर पर होम स्टे की पहल की है। घस्यारी समूह की महिलाओं ने निजी आवास के एक कक्ष को होम स्टे के रूप में सुसज्जित किया है। इनमें पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश के साथ ही कुमाऊंनी भोजन उपलब्ध कराएंगी।
उद्यम सहेली कार्यक्रम के तहत पहाड़ों में ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले उद्यम मेटोर्स ट्रस्ट के सहयोग से महिलाओं ने यह पहल की है। उनके मार्गदर्शन में महिलाओं ने अपने आवास के एक-दो कमरों का नवीनीकरण किया। इसमें पारंपरिक पत्थर और लकड़ी का उपयोग कर कुमाऊंनी वास्तुकला की सुंदरता को बरकरार रखने का प्रयास किया गया है। सचिव ललिता ने बताया कि तीन महिलाओं ने निजी आवास के पांच कक्ष होम स्टे के लिए तैयार किए हैं। शीघ्र ही लगभग दस कक्ष और बनाए जाने हैं। उनका कहना है कि पर्यटकों को सरल और सच्चे पहाड़ी जीवन से परिचित कराना है।