नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीट पर सांसद चुनने में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की अधिक रुचि रहती है। पिछले चुनाव में संसदीय क्षेत्र की 14 विधानसभा सीटों में से दस सीटों पर आधी आबादी ने रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर पुरुषों को पीछे छोड़ दिया था। ऐसे में आधी आबादी को जिस प्रत्याशी ने साध लिया, उसकी जीत तय है।
दो जिलों वाले इस संसदीय क्षेत्र में नैनीताल जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र नैनीताल, भीमताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी व लालकुआं और ऊधम सिंह नगर के नौ विस क्षेत्र जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता व खटीमा शामिल हैं। इन 14 विधानसभा क्षेत्रों में इस बार करीब 20 लाख 12 हजार 265 मतदाता हैं। इनमें लगभग नौ लाख 67 हजार 183 महिला मतदाता हैं। वर्ष 2019 में करीब 18 लाख 28 हजार 433 मतदाता थे। इस बार करीब एक लाख 83 हजार 832 मतदाता बढ़े हैं। इनमें युवा, महिला वोटरों की भी संख्या में इजाफा हुआ है। संसदीय सीट पर भले ही महिलाओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले कम हो, लेकिन पिछले चुनाव को देखें तो महिलाओं की मतदान में भागीदारी अधिक थी।