ओखलकांडा में भालू के हमले से घायल महिला। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
पतलोट (नैनीताल। ओखलकांडा ब्लॉक की ग्रामसभा भदरेठा के तोक पल्लीपतलोट निवासी पार्वती देवी (62) पत्नी मोहन चंद्र परगांई पर भालू ने हमला कर दिया। भालू के हमले में पार्वती गंभीर रूप से घायल हो गईं। पार्वती के साहस जुटाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीण पार्वती को प्राथमिक इलाज के लिए पतलोट ले गए।
राजकीय चिकित्सालय डालकन्या के डॉ अवनीश दीवान और डॉ. हिमेश मटियाली ने प्राथमिक इलाज किया। डॉ. अवनीश दीवान ने बताया कि हाथ में फ्रैक्चर होने के चलते महिला को सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। पार्वती के पति मोहन परगांई ने बताया कि पतलोट से खनस्यूं तक युवाओं की मदद से पत्नी को पैदल और उसके बाद बाइक पर सड़क तक लाया गया। वहां से एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी भेजा गया। समाजसेवी आन सिंह मटियाली ने बताया कि भालू के हमले के बाद दहशत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है।