हल्द्वानी। विश्वबैंक की मदद से निर्मित पेयजल योजनाओं का संचालन, रखरखाव, बिल वितरण और बिल वसूली का काम जलनिगम करेगा। कुसुमखेड़ा और तल्ली हल्द्वानी योजनाएं जलनिगम को हस्तगत की जाएंगी। उपभोक्ताओं के कनेक्शनों में मीटर लगाए जाएंगे। समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जल्द एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। कनेक्शनों पर 12 मीटर प्रेशर का पानी दिया जाएगा ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से पानी की आपूर्ति होती रहे।
जलनिगम विश्वबैंक परियोजना के अधिशासी अभियंता हिमांशु वर्मा ने बताया कि नैनीताल जिले के गौजाजाली उत्तर, तल्ली हल्द्वानी, कुसुमखेड़ा और ऊधमसिंह नगर के बंडिया, महोलिया और उमरूखुर्द में विश्वबैंक की मदद से पेयजल योजनाएं बनाई जा रही हैं। इनमें से दो नलकूप तल्ली हल्द्वानी और दमुवाढूंगा में विश्वबैंक परियोजना के तहत काम कराया जा रहा है। तल्ली हल्द्वानी और कुसुमखेड़ा पेयजल योजनाएं करीब-करीब पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पेयजल योजनाएं जून तक हस्तगत हो जाएंगी।
इसके बाद इन इलाकों के उपभोक्ताओं को पेयजल बिल वितरण का काम जलनिगम करेगा। योजना की देखरेख और सफलता पूर्वक संचालन के लिए पांच साल तक संबंधित ठेकेदार को अधिकृत किया है ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो।