ओखलकांडा ब्लाक के गलनी गांव में एक युवक पर जंगली सुअर ने हमला कर उसे खाई में फेंक दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक गलनी गांव निवासी उदय सिंह बर्गली (35) पुत्र खीम सिंह बर्गली रविवार सुबह करीब 11 बजे कुछ साथियों के साथ कहीं जा रहे थे। रास्ते में एक जंगली सुअर ने उदय सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उदय सिंह खाई में जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई और गांव पहुंचकर अन्य ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। इसके बाद ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह बर्गली समेत कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद शव को किसी तरह खाई से बाहर निकाला।
ग्राम प्रधान की सूचना पर उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनकर तिवारी ने वन क्षेत्राधिकारी विपिन जोशी और पटवारी कैलाश आर्या को मौके पर भेजा। राजस्व पुलिस के मुताबिक मृतक की कमर में जंगली सूअर के हमले के निशान हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया है। ग्राम प्रधान बर्गली ने बताया कि मृतक उदय सिंह बर्गली के घर में पत्नी और पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं।
वह खेती बाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह, कांग्रेसी नेता राम सिंह कैड़ा आदि ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है। वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनकर तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।