हल्द्वानी में बन रहे आइएसबीटी का काम क्यों रोका गया है और किस चीज की जांच चल रही है। इसका जवाब समाज कल्याण और परिवहन मंत्री यशपाल के पास नहीं है। छात्रवृत्ति घोटाले की जांच के बारे में वे गोलमोल जवाब देते नजर आए।
समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य सर्किट हाउस में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने समाज कल्याण की बैठक और विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताना शुरू किया।
जब उनसे पूछा गया कि आइएसबीटी का काम क्यों रोका गया है? इस पर आर्य ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। उनसे फिर पूछा गया कि जांच किस बात को लेकर हो रही है। तीन बार पूछने के बाद भी वह इस बात पर जवाब नहीं दे पाए और प्रश्न को अनदेखी करते हुए कहा कि जांच रिपोर्ट आने पर पता चल जाएगा कि जांच किस चीज की चल रही थी।
समाज कल्याण विभाग में हुए छात्रवृत्ति घोटाले की जांच के बारे में भी समाज कल्याण मंत्री गोलमोल जवाब देते नजर आए। उन्होंने कहा कि अभी जांच में समय लगेगा। अन्य सवाल पूछने में समाज कल्याण मंत्री प्रेस कांफ्रेंस से उठ गए।