भीमताल (नैनीताल)। भागीरथी फाउंडेशन की ओर से कुमाऊं के लोक पर्व हरेला पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत सबसे अच्छे हरेले का चयन कर प्रतिभागी को नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
फाउंडेशन के अध्यक्ष मनोज भट्ट ने बताया कि हरेला कुमाऊं का लोक पर्व है। कुमाऊं की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरेला प्रतियोगिता की जाएगी। प्रतिभागियों को अपने घर के मंदिर में लगाए गए हरेले के साथ अपने परिवार की फोटो खींचकर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजनी होगी। इसमें प्रतिभागी को नाम, पता और मोबाइल नंबर भी देना होगा। जिन तीन प्रतिभागियों की फोटो बेहतर पाई जाएंगी उनमें प्रथम स्थान स्थान पाने वाले को 2500, द्वितीय को 1500 और तृतीय स्थान पाने वाले हरेले के प्रतिभागी को पुरस्कार स्वरूप 1100 रुपये दिए जाएंगे। कुछ प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतिभागी 16 और 17 जुलाई को हरेले की फोटो भेज सकते हैं।