पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री रेनू अधिकारी ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक और काबीना मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने 19 फरवरी 2013 में बयान दिया था कि पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए प्रदेश सरकार ने 260.85 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। मंत्री के बयानों के अनुसार वित्तीय स्वीकृति का शासनादेश भी जारी हो चुका था।
उन्होंने पूछा है कि पेयजल और सीवर लाइन बिछाने के लिए आया पैसा आखिर कहां गया। पूर्व पालिकाध्यक्ष ने मंत्री की घोषणा को हवाई करार देते हुए कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार राज्य सेक्टर (ग्रामीण) कार्यक्रम के तहत तल्ली बमौरी, मल्ली बमौरी, खाम, सद्भावना कालोनी, दमुवाढूंगा, कृष्णा कालोनी, गायत्री कालोनी, बेड़ीखत्ता आदि स्थानों में अलग पाइप लाइन बिछाने के लिए 41.70 लाख रुपए मंजूर हुए।
जमरानी नियर शारदा फैक्ट्री के पाइप लाइन के लिए 40.27 लाख रुपए स्वीकृत हुए। टैंकरों से वितरण के लिए 43.66 लाख रुपए स्वीकृत हुए। इसके अलावा हाइडिल से काठगोदाम तक सीवर लाइन के लिए 131.04 लाख रुपए का शासनादेश जारी हुआ था।