नैनीताल। व्यापारियों का दुकान के बाहर अतिक्रमण और पालिका का अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चूहे बिल्ली का खेल बन गया है। न तो पालिका इस समस्या का स्थायी समाधान कर सकी है और न ही व्यापारी अतिक्रमण करने से बाज आ रहे हैं। पालिका के अभियान के दौरान व्यापारी दुकान के बाहर रखा सामान अंदर करते हैं और उनके जाते ही सामान बाहर निकाल कर रख देते हैं।
शुक्रवार को भी बाजार के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण की शिकायत पर पालिका के उच्चाधिकारियों की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका की टीम भेजी गई। कर निरीक्षक भरत प्रकाश के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मल्लीताल कोतवाली से ऊपर की ओर सौंदर्यीकृत खड़ी बाजार, बड़ा बाजार, जयलाल साह बाजार, अंडा मार्केट आदि में अभियान चलाया गया। टीम के बाजार में पहुंचने पर अधिकतर व्यापारियों की ओर से से पूर्व में ही सामान हटा लिया गया था। पालिका की टीम के निर्देश के बाद कई लोगों ने बाहर रखे सामान को अंदर किया। टीम में वेद प्रकाश, दिवाकर, विक्की सिलेलान आदि शामिल रहे। संवाद