नैनीताल। ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर खूपी गांव के बीच भू-धंसाव के कारण हुए गड्ढों और दरारों की विभाग ने सुध नहीं ली तो ग्रामीणों ने खुद ही गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया है।
बता दें कि खूपी गांव में भू-धंसाव के कारण ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर गांव के पास गड्ढे और दरारें गहरी हो गई हैं। लंबे समय से ग्रामीण विभाग से सड़की की मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इन दिनों बढ़ी हुई दरारें और गड्ढे दोपहिया वाहनों के लिए खतरा बने हुए थे।
साथ ही बारिश का पानी दरारों में जाने से गांव को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। इसको देखते हुए ग्रामीणों ने अब स्वयं ही दरारों और गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया है। इधर विभाग के सहायक अभियंता रमेश पांडे ने बताया कि खूपी में भू-धंसाव के चलते सड़क का स्थायी उपचार फिलहाल संभव नहीं है। जल्द ही गड्ढों व दरारों को भरा जाएगा। संवाद