भीमताल (नैनीताल)। विकासखंड सभागार में मंगलवार को आयोजित क्षेत्र पंचायत बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क के गड्ढों को लेकर लोनिवि, पीएमजीएसवाई और एनएच के अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बैठक में शामिल नहीं होने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की।
क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान हरगोविंद सिंह रावत ने सड़कों की दशा नहीं सुधारने की शिकायत की। जनप्रतिनिधियों ने भुजियाघाट तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढों की समस्या भी उठाई। बीडीसी सदस्य मोहित कुमार ने धुलई में जीर्णशीर्ण विद्यालय को सही कराने, बीडीसी सदस्य पंकज सूर्या ने सूर्याजाला में विद्यालय से संबंधित समस्या सामने रखीं। सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने सूर्याजाला को आदर्श स्कूल बनाने के निर्देश दिए।
अधौड़ा की प्रधान प्रेमा मेहरा ने पानी की समस्या, पसोली के प्रधान बालम राणा ने बिल अलग-अलग आने के साथ बीडीसी सदस्य सावित्री शर्मा ने भौर्सा में दो महीने से पानी की समस्या से अवगत कराया। प्रधान राधा कुल्याल ने झूलते हुए बिजली के तारों और पोल शिफ्ट करने साथ ही बलियानाला क्षेत्र में अतिक्रमण प्रभावित होने से ग्रामीणों को खतरे की समस्या उठाई। प्रधान जितेंद्र चनौतिया ने नौकुचियाताल में झील किनारे शौचालय खुलवाने को कहा। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, विधायक सरिता आर्या ने अधिकारियों से समस्याएं हल करने को कहा। इस दौरान ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, रागिनी आर्या, जया बोहरा, ममता दुम्का, दुर्गादत्त पलड़िया, बीडीओ हर्षित गर्ग आदि मौजूद रहे।