हल्द्वानी। कांग्रेस की सोमवार को रामलीला मैदान में प्रस्तावित शंखनाद संकल्प विजय जनसभा खराब मौसम के चलते स्थगित हो गई है। कांग्रेस ने अब 20 अक्तूबर को जनसभा होने की बात कही है।
रामलीला मैदान में जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल आदि सुबह से ही रामलीला मैदान में पंडाल तैयार कराने के लिए पहुंच गए थे। मौसम विभाग के अलर्ट पर डीएम की ने स्कूलों को बंद कराए जाने का आदेश जारी किया तो कांग्रेसियों ने भी बैठक कर जनसभा स्थगित करने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल और महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा है कि फिलहाल जनसभा की संभावित तिथि 20 अक्तूबर तय की गई है। अब सोमवार को तिथि निर्धारित कर सभी को सूचना दे दी जाएगी।
स्वराज आश्रम में मनाएंगे एनडी की जयंती और पुण्यतिथि
हल्द्वानी। कांग्रेस की शंखनाद विजय संकल्प जनसभा स्थगित होने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की जयंती और पुण्यतिथि स्वराज आश्रम में मनाई जाएगी। जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल और महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने बताया कि स्वराज आश्रम में सुबहर 11 बजे से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा ने जनसभा को लेकर साधा निशाना
हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत ने पूर्व सीएम तिवारी की जयंती पर कांग्रेस की जनसभा को नौटंकी करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की नौटंकी करने के बजाय कांग्रेसियों को स्वर्गीय नारायण दत्त तिवारी के विकास मूलक सिद्धांत से कुछ सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नारायण दत्त तिवारी के विकास के सपनों पूरा करने के दिशा में काम कर रही है।