हल्द्वानी में गर्मी में पानी समस्या हर दिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को महिला डिग्री कॉलेज, ब्लॉक कार्यालय, लामाचौड़ खास और आनंदपुर का नलकूप खराब होने से करीब 15 हजार परिवाराें को पानी के लिए परेशान रहना पड़ा। विभाग की ओर से 30 टैंकर भेजकर पानी की आपूर्ति कराई गई लेकिन वह भी प्रभावित क्षेत्रों के लिए नाकाफी रही।
जल संस्थान और सिंचाई विभाग के नलकूप खराब होने से शुक्रवार को नवाबी रोड, कुल्यालपुरा, वार्ड नंबर आठ, ब्लॉक परिसर, कठघरिया, लामाचौड़ और आनंदपुर रामपुर रोड के 15 हजार उपभोक्ताओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। इस दौरान जल संस्थान ने 30 टैंकरों से पानी बांटा। नलकूप खंड के ईई अंचित रमन ने बताया कि सिंचाई विभाग के लामाचौड़ खास और रामपुर रोड स्थित आनंदपुर के नलकूप की मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लामाचौड़ के नलकूप की मरम्मत का कार्य शनिवार को पूरा हो जाएगा। रामपुर रोड स्थित आनंदपुर के नलकूप को दो दिनों में ठीक करा लिया जाएगा। इधर जल संस्थान की ओर से भी शुक्रवार को जल संस्थान के ब्लॉक कार्यालय और महिला डिग्री कॉलेज के नलकूप की मरम्मत का कार्य किया गया। ईई आरएस लोशाली ने बताया कि दोनों नलकूपों की मरम्मत का कार्य जारी है। प्रभावित लोगों तक पर्याप्त पानी बांटा गया है।
इस दौरान महिला डिग्री कॉलेज, कुल्यालपुरा, वार्ड नंबर आठ, नवाबी रोड, कैनाल रोड, गली नंबर आठ और जगदंबानगर में जल संस्थान ने तीन टैंकरों से पानी बांटा। वहीं ऊंचापुल, लामाचौड़, दमुवाढूंगा, बिठौरिया, विकासनगर, सांई मंदिर, इंदिरानगर, राजपुरा गौला गेट क्षेत्र में विभाग के 30 टैंकरों ने चार चक्कर पानी बांटा।
फतेहपुर मल्ला में नलकूप का डिस्चार्ज घटा
फतेहपुर मल्ला में नलकूप का डिस्चार्ज घटने से गांव के 250 परिवारों को पानी नहीं मिल पाया है। नलकूप खंड के ईई अंचित पंत ने बताया कि फिलहाल नलकूप से डिस्चार्ज घटने की सूचना नहीं मिल पाई है। अगर कोई सूचना मिलती है तो मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
मांगों को लेकर संविदा श्रमिक संघ के सदस्यों का प्रदर्शन