लालकुआं। स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता की अनूठी पहल ने नगर पंचायत लालकुआं को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान की ओर से आयोजित ‘अर्बन लर्नाथॉन 2.0’ में नगर पंचायत लालकुआं को अन्य नगरीय निकाय श्रेणी में राष्ट्रीय विजेता घोषित किया गया है।
विज्ञापन
देहरादून में आयोजित पर्वत मंथन सम्मेलन के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नगर पंचायत लालकुआं को विजेता प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। नगर पंचायत लालकुआं के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, स्वच्छता ब्रांड अम्बेसडर बीसी भट्ट, सभासद भुवन पांडे एवं धन सिंह बिष्ट ने प्रतिभाग कर पुरस्कार ग्रहण किया।
नगर पंचायत लालकुआं की इस उपलब्धि के पीछे गठित ‘गुलमोहर’ पुरुष स्वयं सहायता समूह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नगर पंचायत की पहल पर गठित इस समूह के सदस्य घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने के साथ ही उसके व्यवस्थित प्रबंधन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।