भीमताल (नैनीताल)। लंबे समय से सड़क सही कराने की मांग करते आ रहे ग्रामीणों ने बुधवार को हरेला पर्व पर बबियाड़ मोटर मार्ग पर हरेला रखकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि बबियाड़-टपुवा-दुदुली मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सरकार और शासन-प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
कांग्रेसी नेता मनोज शर्मा ने कहा कि बदहाल सड़क पर आए दिन दोपहिया वाहन गिरकर घायल हो रहे हैं। बबियाड़-गैराखाड़-कैलाशद्वार मोटर मार्ग के बंद होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने सड़क पर हरेला रखकर और एक दूसरे को हरेला चढ़ाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही विधायक और सांसद पर सुध नहीं लेने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द सड़क सही नहीं हुई तो ग्रामीण चुनाव बहिष्कार करेंगे। इस दौरान युगल किशोर पलड़िया, नारायण सिंह मेहता, प्रमोद कुमार, पूरन सुयाल, सुभाष आर्या, सूरज चंद्र, भोला सुयाल, तुलसीदास पोखरिया आदि मौजूद रहे। संवाद