नैनीताल। सौलिया गांव में पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी के बाद एसडीएम के निर्देश पर पुल की सुरक्षा के लिए वायरक्रेट वॉल लगाई गई है।
वर्ष 2018 के दौरान सौलियां गांव के पुल व रास्ते बह गए थे। ग्रामीणों ने रूसी में बन रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से मलबा आने से पुलों के टूटने की शिकायत की थी। इसके बाद डीएम के निर्देश पर एडीबी ने गांव में पुल का निर्माण किया था। इधर, पुल की सुरक्षा दीवारों में कटान होने लगा था। दो सप्ताह पूर्व बेलुवाखान ग्राम पंचायत के सौलिया गांव के लोगों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पंचायत चुनाव के बहिष्कार का एलान किया था। इसके बाद एसडीएम नवाजिश खलिक ने लोनिवि और एडीबी अधिकारियों के साथ गांव पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की थी। एसडीएम ने विभाग को पुल की मरम्मत व सुरक्षा कार्य के साथ रास्ता बनाने के निर्देश दिए। अब एडीबी ने गांव की पुल के सुरक्षा कार्य किए हैं। एसटीपी परियोजना के प्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि पुल की सुरक्षा दीवारों के समीप कटान हुआ था। इसे सुरक्षित करने के लिए वायरक्रेट वॉल का निर्माण कराया गया है। संवाद