भीमताल में पानी को लेकर बैठक लेते विधायक राम सिंह कैड़ा और सीडीओ डॉ संदीप तिवारी। संवाद न्यूज एजे
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल विकास भवन परिसर में आयोजित बैठक में पेयजल संकट से नाराज लोगों ने जलसंस्थान के अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई। इस दौरान लोगों की जलसंस्थान के ईई संतोष उपाध्याय से तकरार भी हुई। पिछले माह आई आपदा के बाद से पेयजल सप्लाई लड़खड़ाने पर लोगों ने ईई को हटाने की मांग उठाई।
शनिवार को विधायक राम सिंह कैड़ा और सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी ने जलसंस्थान अधिकारियों के साथ पानी की समस्या को लेकर बैठक की। बैठक में गोरखपुर, मल्लीताल, बाईपास, ब्लॉक रोड, जंगलियागांव और विनायक क्षेत्र के लोगों ने भी शिरकत की। उन्होंने जलसंस्थान के अधिकारियों पर क्षेत्र में पानी की व्यवस्था को सुचारु नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि जलसंस्थान के अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज भट्ट और प्रदीप पाठक ने कहा कि भीमताल क्षेत्र में मोटर खराब होने से पानी की समस्या बनी हुई है। विधायक कैड़ा ने नाराजगी जताते हुए जीएम और ईई से हल हाल में पानी की समस्या को हल करने को कहा। सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि डीएम ने जलसंस्थान के अधिकारियों को दो दिन के अंदर पेयजल समस्या हल करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ रौतेला, पंकज जोशी, शरद पांडे, पंकज उप्रेती, मदन गिरी, हिमांशु रौतेला, नवीन सिंह कुल्याल आदि मौजूद रहे। वहीं जलसंस्थान के जीएम ने मातहतों के साथ गोरखपुर और विनायक क्षेत्र में पहुंचकर पेयजल संकट के कारणों को जाना। उन्होंने जल्द समस्या हल करने का आश्वासन दिया।