नैनीताल। नैनीताल नगर और इसके आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अक्तूबर में विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीआईजी कुमाऊं डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिशा निर्देश जारी करते हुए उन पर अमल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी की ओर से एसएसपी को भेजे पत्र में कहा कि तल्लीताल स्थित चुंगी बूथ के पास नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों को बारकोड और जीपीएस के माध्यम से नगर में स्थित खाली पार्किंग स्थलों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर कई दिनों तक खड़े रहने वाले वाहनों को चिह्नित करने और लगातार एक ही स्थान पर सात दिनों तक खड़े वाहनों को शहर सीमा से बाहर स्थित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराने, माल रोड में नो पार्किंग जोन और नो वेटिंग एरिया में खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटाने, माल रोड में सैलानियों को नो पार्किंग जोन की जानकारी देने, संकरे स्थानों पर किए अतिक्रमण को हटवाने, नो पार्किंग जोन में जिला प्रशासन की मदद से बोर्ड लगवाने, जाम लगने वाले स्थानों पर जिला प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटवाने, होटलों व दुकानों के सामने पार्किंग प्रतिबंधित कराने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी ने कहा है कि काठगोदाम-कालाढूंगी में बाहर से आने वाले वाहन चालकों से पूछताछ कर उनके गंतव्य तक जाने के लिए यातायात व्यवस्था की जानकारी देने, तल्लीताल स्थित चुंगी में फास्टैग व्यवस्था चालू कराने, शनिवार-रविवार के साथ साथ पर्यटन सीजन के दौरान टैक्सी स्टैंड शहर से बाहर रखने, शहर के बाहर बनाए टैक्सी स्टेंड से नैनीताल शहर तक शटल सेवा का संचालन कराने के निर्देश दिए हैं।