नैनीताल। एडीएम विवेक राय की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। डीएम कार्यालय सभागार में हुई बैठक में एडीएम ने कहा कि जिले के सभी विद्यालय के छात्र-छात्राओं, राजनैतिक, धार्मिक सामाजिक संस्थाओं की ओर से सुबह 6:30 बजे से 7:30 तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
आठ बजे से राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। विद्यालयों में गीत, नाट्य, सफाई अभियान, वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, साधा जीवन उच्च विचार, पंथ निरपेक्षता, गांधी सिद्धांत, साक्षरता को बढ़ावा आदि पर गोष्ठी होंगी। आचार्य नरेंद्र देव राष्ट्रीय औद्योगिक व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान में भी गांधी जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तथा मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। नैनीताल में प्रभात फेरी मल्लीताल पंत पार्क से तल्लीताल गांधी चौक पर समाप्त होगी। संवाद