हल्द्वानी। उत्तराखंड की टीम ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित 16वीं जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने पूल के सभी मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
जिला हॉकी एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र बाफिला ने बताया कि उत्तराखंड ने अपने पहले मैच में केरल को 5-2, दूसरे में हिमाचल प्रदेश को 5-0 से हराया। पूल बी की सबसे मजबूत टीम महाराष्ट्र के खिलाफ टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की। अंतिम मैच में जम्मू-कश्मीर को 4-0 से पराजित किया। टीम के लिए सबसे महत्वपूर्ण योगदान पिथौरागढ़ के सूरज कुमार ने दिया। उन्होंने चार मैचों में सर्वाधिक 10 गोल मारकर टीम को बढ़त दिलाई। टीम के साथ कोच रितिक राज और मैनेजर नीलेश गुप्ता शामिल रहे।
चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड के 20 मुक्केबाजों का होगा चयन
हल्द्वानी। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से हिमाचल प्रदेश में ओपन चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन मंगलवार को हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में 19 से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल लेगा। एसोसिएशन के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के बॉक्सर शामिल होंगे। प्रदर्शन के आधार पर बालक और बालिका वर्ग से 10-10 खिलाड़ियों के चयन किए जाएंगे। 17 से 23 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए टीम 16 को रवाना होगी।