उत्तराखंड में चारों धामों समेत ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। दो महीने के इंतजार के बाद हुई बर्फबारी से पर्यटकों और किसानों के चेहरे खिल गए हैं। उधर मैदानों में बारिश और ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ। बर्फबारी और बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है। जनजीवन प्रभावित हुआ है।
नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नैनी पीक में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बृहस्पतिवार की सुबह हुए हिमपात के बाद नैनीताल और इसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटक गतिविधियों में इजाफा होने के आसार हैं। बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबारी खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि आगामी दिनों में और अधिक बर्फबारी होगी और मैदानी क्षेत्रों से सैलानी नैनीताल पहुंचेंगे। बता दें कि, इस बार जनवरी में बर्फबारी नहीं हुई थी। पर्यटन कारोबारियों को लंबे समय से हिमपात की उम्मीद थी जो बृहस्पतिवार की सुबह पूरी हुई। इस दौरान नैनीताल आने वाले सैलानियों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही थी। लेकिन अब बर्फबारी के बाद नैनीताल में पर्यटक सीजन बढ़ने की उम्मीद है।
ये पढ़ें- Snowfall: इंतजार खत्म, नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी, खिले पर्यटकों के चेहरे; देखिए पांच तस्वीरें