मोनिका और अनुपमा के चार-चार गोल की बदौलत उत्तराखंड ने तेलंगाना को 11-0 से हराकर सीनियर महिला नेशनल हॉकी टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बनाई। हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव किशोर बाफिला ने बताया कि मंगलवार को उत्तराखंड और राजस्थान के बीच मैच खेला जाएगा।
सोमवार को बंगलूरू में चल रही सीनियर महिला नेशनल हॉकी टूर्नामेंट में उत्तराखंड और तेलंगाना के बीच मैच खेला गया। शुरुआत से ही उत्तराखंड ने तेलंगाना पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उत्तराखंड की ओर से मोनिका ने एक के बाद एक चार गोल कर टीम को अच्छी बढ़त दिला दी। इसके बाद अनुपमा ने चार, शिखा बिष्ट ने एक, रीना कटारिया ने एक और ज्योति ने एक गोल कर टीम को 11-0 से आगे कर दिया। तेलंगाना ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। उत्तराखंड की टीम पूल ‘सी’ में है। इस पूल में बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, ओड़िसा और तेलंगाना की टीम है।