खेताें में मटर तोड़ने जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन पलटने से उसमें बैठे मजदूरों में चीख पुकार मच गई। आनन फानन में घायल 18 लोगों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जबकि वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। हादसे की वजह ओवरलोडिंग माना जा रहा है।
मंगलवार सुबह गदरपुर के सुखशांतिनगर, नंदपुर, इस्लामनगर और कैशोगढ़ काॅलोनी में रहने वाले 35 मजदूर पिकअप में बैठकर मटर तोड़ने के लिए पंतनगर जा रहे थे। इनमें अधिकतर महिलाएं और लड़कियां थीं। नेशनल हाईवे पर महतोष मोड़ क्षेत्र में भाखड़ा पुल के पास तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में पिकप पर बैठे कईं मजदूर छिटककर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मजदूरों की चीखपुकार सुनकर राहगीरों के साथ ही ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायलों को 108 एंबुलेंस और वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया।
ये पढ़ें- Uttarakhand Weather: सुबह-शाम कोहरे के आगोश में उत्तराखंड, कुछ दूर देखना भी हुआ मुश्किल, जानें अपने शहर का हाल
घायलों में लीलावती (45), सोनम (14), पूर्णिमा (12), अन्नू (12) निवासी नंदपुर, हिमानी (15) निवासी आनंदपुर, रितु (18), शमारू (60), चांदमुनि (60), मनमोधी, सीताराम निवासी केशवगढ़, फरजाना, जैनब, बानो निवासी इस्लामनगर और सुशीला निवासी खेमपुर शामिल हैं। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद राम (45), लालवती (40), मुनिता (42) का प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। हादसे में घायल काजल (09) निवासी नंदपुर के सिर पर गंभीर चोटें होने की वजह से उसका हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। एसपी सिटी मनोज सिटी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो चीजें सामने आएंगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।