50 हजार से अधिक नकदी ले जाने पर दिखाने होंगे दस्तावेज
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नोडल अधिकारी आदर्श आचार संहिता/एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को तहसील स्थित एनआईसी भवन में बैठक की। कहा कि 50 हजार रुपये से अधिक रकम लाने या पहुंचाने के लिए किसी व्यक्ति या समूह को बिल, बैंक की जानकारी, जीएसटी नंबर आदि के दस्तावेज रखने होंगे।
नोडल अधिकारी आर्दश आचार संहिता शिवचरण द्विवेदी ने कहा कि एमबीपीजी कॉलेज में स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्षों को चिह्नित किया है। आगामी चुनाव में दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता घर बैठे पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने का विकल्प रखा गया है। बैठक में लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के बारे में उन्होंने बताया कि लालकुआं में कुल मतदेय स्थल 142 हैं, इनमें 857 दिव्यांग मतदाता हैं। 85 वर्ष के अधिक आयु के 718 जबकि दो अन्य मतदाता हैं।
कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हल्दूचौड़ में 658 पुरुष और 632 महिला मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता कुष्ठ आश्रम सरकारी भवन हाथीखाल में 75 मतदाता हैं। विधानसभा हल्द्वानी में 183 मतदेय स्थल हैं। इनमें 155720 मतदाता हैं। दिव्यांग 867 तथा 85 साल से अधिक उम्र के 847 और सात अन्य मतदाता हैं।