हल्द्वानी में जिला प्रशासन, नगर निगम और पीडब्लूडी की संयुक्त टीम ने सिंधी चौराहे से अग्रसेन चौक तक करीब 150 मीटर सड़क के फुटपाथ में दुकान के बढ़ाए गए फर्श को देर रात जेसीबी से तोड़ दिया।
जिला प्रशासन, नगर निगम और पीडब्लूडी की संयुक्त टीम ने सिंधी चौराहे से अग्रसेन चौक तक करीब 150 मीटर सड़क के फुटपाथ में दुकान के बढ़ाए गए फर्श को देर रात जेसीबी से तोड़ दिया। रात में हुई संयुक्त कार्रवाई का व्यापारियों को भी पता नहीं चला। रात में ही लोनिवि यहां पर सड़क बनाएगा। इससे सड़क की चौड़ाई करीब ढाई मीटर बढ़ जाएगी।
विज्ञापन
बीते दिनों नगर निगम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण तोड़ा थो। एक ही दिन में अभियान बंद करने पर अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से उठाया और अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाए। इस पर प्रशासन एक्शन में आ गया। मंगलवार रात करीब 9:20 बजे नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम पारितोष वर्मा और पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार दल-बल के साथ सिंधी चौराहे पहुंचे।
यहां लोनिवि ने सड़क की नपाई की। इसके बाद सिंधी चौराहे से अग्रसेन चौक तक करीब 150 मीटर लंबाई में दुकानदारों की ओर से सड़क पर 2.5 मीटर फर्श डाला गया फर्श जेसीबी से तोड़ दिया। इस बीच कुछ व्यापारी सामने आए जिन्हें नगर आयुक्त ने समझाकर शांत कर दिया। इसके बाद लोनिवि ने मलबा हटाकर यहां पर सड़क बनाना शुरू कर दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि सड़क पर जाम न लगे इसलिए रात को कार्रवाई की गई। कहा कि अभी पक्के मकानों को छोड़कर सड़क पर फर्श आदि को हटाकर सड़क को चौड़ा किया जाएगा।