खेलों की मेजबानी किसी भी प्रदेश के पास रही हो, शॉटगन शूटिंग और साइकिलिंग इवेंट के लिए उन्हें दिल्ली का रुख करना पड़ा है। अब 38वें राष्ट्रीय खेल की मेजबानी कर रहा उत्तराखंड इस मामले में पहली बार अपने को आत्मनिर्भर साबित करने जा रहा है। यहां दोनों खेल का आयोजन कराने के लिए इंतजाम कर लिए गए हैं। राष्ट्रीय खेल के सभी इवेंट उत्तराखंड में ही संपन्न होंगे।
भारत में आजादी के पहले से ही राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो रहा है। तब से अब तक हर राज्य में खेल के संसाधन बढ़े, मगर साइकिलिंग के लिए वेलोड्रम और शॉटगन शूटिंग के लिए रेंज दिल्ली के अलावा किसी राज्य के पास नहीं हो पाई। अब भी शूटिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में ही होती है।
शॉटगन इवेंट में मूविंग टारगेट को निशाना बनाना होता है। इसलिए कम से कम 18 एकड़ जगह चाहिए होती है और यह इवेंट केवल एक दिन का होता है। इसलिए किसी राज्य ने केवल एक दिन के लिए इतना बड़ा अस्थायी सेटअप तैयार नहीं किया। वहीं राष्ट्रीय स्तर की साइकिलिंग प्रतियोगिता के लिए भी केवल दिल्ली में ही वेलोड्रम है। इसे बनाने में करोड़ों रुपये का खर्चा आता है और लंबा समय चाहिए होता है। इसलिए राज्यों ने इससे भी परहेज किया।इस तरह यहां होंगे दोनों इवेंट-