रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की अगले साल होने वाली बोर्ड परीक्षा में पंजीकृत 2,15,602 परीक्षार्थी प्रदेश के 1261 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 16 परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं। वहीं इस साल बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या 7801 कम हो गई है।
वर्ष 2024-25 में प्रदेश के 2,23,403 परीक्षार्थियों ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के लिए आवेदन किया था। परीक्षा संपन्न कराने के लिए बोर्ड ने 1245 परीक्षा केंद्र बनाए थे। बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि इस साल बोर्ड परीक्षा के लिए 2,15,602 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं जिसमें 1,12,688 हाईस्कूल जबकि 1,02,914 इंटरमीडिएट के विद्यार्थी शामिल हैं। बताया कि शुक्रवार को परीक्षा के लिए 1261 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। इसमें 50 एकल व 1211 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं। बताया कि 154 संवेदनशील जबकि 06 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं। साथ ही सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों की गोपनीय सामग्री समेत परीक्षा से संबंधित जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। संवाद