रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद आपदाग्रस्त इलाकों के बोर्ड परीक्षार्थियों को परीक्षा फार्म भरने का एक और मौका देने जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही बोर्ड ऐसे छात्रों के लिए नई तिथि की घोषणा होगी।
2026 में होने वाली 10वीं, 12वीं परीक्षा के लिए संस्थागत परीक्षार्थियों के परीक्षा फॉर्म 2 से 31 जुलाई 2025 और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के फार्म 14 अगस्त तक भरे गए थे। अंतिम तिथि 14 अगस्त तक छात्रों ने परीक्षा के लिए आवेदन किए थे। भारी बारिश के चलते उत्तराखंड के कई जिलों में आपदा जैसे हालात हैं। ऐसे में बहुत सारे ऐसे छात्र हैं जो परीक्षा फार्म नहीं भर पाए हैं। छात्रों का देखते हुए उत्तराखंड बोर्ड ने परीक्षा फार्म भरने की नई तिथि का प्रस्ताव शासन को भेजा है। शासन से जैसे ही प्रस्ताव को मंजूरी मिलेगी, बोर्ड नई तिथि जारी करेगा।
पहाड़ के कई जिलों में आई आपदा
उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद सिमल्टी ने बताया कि भारी बारिश के लिए चलते उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा जैसे हालात हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर आदि में हालात बेहद खराब हैं। इन इलाकों में अधिकतर छात्र-छात्राएं परीक्षा फार्म नहीं भर पाए थे। ऐसे में शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर परीक्षा फार्म भरने की नई तिथि जारी की जाएगी। संवाद