रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) प्रथम-द्वितीय के आवेदन फार्म 18 फरवरी तक भरे जाएंगे। इस बार परीक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन करेंगे, जबकि पिछले साल तक यह प्रक्रिया ऑफलाइन थी। ऑनलाइन आवेदन 18 फरवरी की रात 11 बजकर 59 मिनट तक करे जा सकेंगे।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से संचालित यूटीईटी प्रथम और द्वितीय की प्रवेश परीक्षा 24 मार्च को प्रस्तावित है। बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि यूटीईटी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 फरवरी तक ही स्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी है। 29 जनवरी से परीक्षा के आवेदन परिषद की अधिकृत वेबसाइट पर अपलोड किए हैं। 29 जनवरी से अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित अंतिम तिथि और समय के बाद आवेदन पत्र एवं परीक्षा शुल्क किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यूटीईटी की प्रवेश परीक्षा में एक परीक्षा के लिए छह सौ रुपये और दोनों परीक्षा में भाग लेने के लिए एक हजार रुपये शुल्क रखा गया है। अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी को एक परीक्षा के लिए तीन सौ और दोनों परीक्षाओं के लिए पांच सौ रुपये शुल्क जमा करना होगा।