जिला क्रीड़ा संघ एवं जिमखाना क्लब के सहयोग से खेली जा रही 94वीं लैंडो लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को तीन मैच खेले गए। इनमें से दो मैच तो बराबरी पर छूटे, जबकि एक मैच में यूनिवर्सल क्लब ने नैनी वॉरियर्स को हराकर जीत दर्ज की।
डीएसए मैदान में खेले गए पहले मैच में अयारपाटा क्लब और स्ट्रेनर क्लब की टीमें आमने-सामने थीं। पहले हाफ में दोनों टीमें बिना गोल कर बराबरी पर थीं। दूसरे हाफ में अयारपाटा ने ऑन गोल किया जबकि स्ट्रेनर क्लब से जितेंद्र ने गोल किया। दूसरे मैच में यूनिवर्सल क्लब ने नैनी वॉरियर्स को 1-0 से हराया। पहले हाफ में ही यूनिवर्सल की ओर से पीयूष ने गोल किया।
नैनी वारियर्स के खिलाड़ियों ने भी गोल करने के प्रयास किए, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। सीएलएससी और क्लेयर्स क्लब के बीच खेला गया मैच 2-2 गोल कर बराबरी पर छूटा। पहले हाफ में सीएलएससी 1-0 से बढ़त पर थी टीम के लिए यह गोल सुनीत ने किया। दूसरे हाफ में फिर गौरव ने गोल दागा, जबकि क्लेयर्स से भरतवीर और हरीश ने गोल किया।
निर्णायक सिकंदर अली, जितेंद्र बिष्ट, गोविंद बोरा, मो. अय्यूब, ललित रावत, भरतवीर जबकि आंखों देखा हाल मनोज कुमार ने सुनाया। आयोजक सचिव धीरज बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार को डेस्टिनेशन क्लब बनाम अल्टीमेट चैलेंजर्स क्लब, थंडर यूनाइटेड बनाम रॉक फुटबॉल क्लब और नीजर्स क्लब बनाम जियोपिट्स क्लब की टीमों के बीच मैच खेले जाएंगे। ब्यूरो