किच्छा। एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा और पुलिस विभाग के आदेशों के बावजूद नगर की यातायात व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है। हालत यह है कि कई निजी बस संचालक रोडवेज बस अड्डे से यात्रियों को बुलाकर ले जा रहे हैं जबकि स्थानीय लोगों की मांग पर पुलिस प्रशासन ने निजी बस संचालकों से बाजार में घुसने के बजाय बाईपास से चलने के लिए कहा है।
नगर का मुख्य बाजार-नैनीताल बरेली हाईवे के किनारे स्थित है। इसके बावजूद बसों के बाजार की सड़कों पर चलने से यातायात प्रभावित हो रहा है। आए दिन जाम लगने से परेशान लोगों ने निजी बसों का संचालन बाईपास से करवाने की मांग की। एसडीएम के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने कोतवाली में सभी निजी वाहनों के स्वामियों को बुलाकर नई यातायात व्यवस्था बनाने की जानकारी दी। पुलिस, प्रशासन ने इस व्यवस्था का जमकर प्रचार भी किया।
नई व्यवस्था के तहत शक्तिफार्म, सितारगंज, खटीमा की ओर जाने वाले सभी बस को रुद्रपुर रोड से बाईपास होकर खटीमा और शक्तिफार्म जाने का नियम बनाया गया जबकि हल्द्वानी जाने वाली निजी बस बस को रेलवे स्टेशन से आगे संचालित किया जाने लगा। तब बाजार में यातायात सुधर गई थी। सभी लोगों ने प्रशासन की इस बेहतर व्यवस्था की सराहना की थी लेकिन यह व्यवस्था कुछ ही दिन चल सकी। अब खटीमा और शक्तिफार्म जाने वाली बस पुराने स्थानों से ही चलने लगी है। लोगों की शिकायत मिलने पर एसडीएम मिश्रा ने यातायात व्यवस्था सुधारने का दोबारा आश्वासन दिया है।