अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में संचालित सरकारी और निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर मंगलवार को तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत केंद्रों पर अनिवार्य दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच करना था।
निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार करिश्मा जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद पांगती, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सना अंसारी, जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी धीरज शाह और ग्रास संस्था के प्रतिनिधि गिरीश जोशी शामिल रहे। टीम ने केंद्रों के तकनीकी कक्षों और रजिस्ट्रेशन काउंटर का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान सभी केंद्रों में एएनसी रजिस्टर, लॉग बुक और अन्य आवश्यक प्रपत्र मानकों के अनुरूप पाए गए। नायब तहसीलदार करिश्मा जोशी ने केंद्र संचालकों को निर्देश दिए कि अल्ट्रासाउंड से संबंधित दस्तावेज पर पारदर्शिता बरती जाए और पीसीपीएनडीटी एक्ट का सख्ती से पालन किया जाए। निरीक्षण के दायरे में रुद्राक्ष क्लिनिक, डॉ. एनएस चौहान क्लिनिक एंड हार्ट सेंटर, अंजलि हॉस्पिटल, जीवन ज्योति हॉस्पिटल, जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा, महिला चिकित्सालय अल्मोड़ा और समर्थ मेडिस्कैन शामिल रहे।