हल्द्वानी। कलावती कॉलोनी चौराहा के निकट स्थित एटीएम बूथ पर दो महिलाओं ने एक युवक को झांसे में लेकर डेबिट कार्ड बदल लिया। पिन नंबर तो देख पता कर ही लिया था, फिर युवक के जाते ही उसके कार्ड से 55,300 रुपये निकाल लिए। मोबाइल फोन पर मेसेज आने के बाद कार्ड बदले जाने का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
ठगी का शिकार हुए बच्चे सिंह आनंदपुर के चांदनी चौक बल्यूटिया के रहने वाले हैं। उन्होंने तहरीर में कहा है कि तीन बार प्रयास के बावजूद वह रुपये नहीं निकाल सके। तब वहां पहले से खड़ीं दो महिलाओं से उन्होंने मदद मांगी। उन्होंने कार्ड लेकर लगाया और पिन भी पूछ लिया, लेकिन पैसे नहीं निकले।
महिलाओं ने कहा कि अंकल आपका एटीएम खराब है, चेक करा लो। इस पर वह चले गए। घर पहुंचे तो उनके मोबाइल फोन पर रुपये निकलने के मेसेज आए। जब डेबिट कार्ड देखा तो उस पर चंद्रपाल नाम लिखा था। तब समझ में आया कि उन्हीं दो महिलाओं ने कार्ड बदल लिया। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। माई सिटी रिपोर्टर