हल्द्वानी। कमलुवागांजा रोड में बुधवार को हुए सड़क हादसे के मामले की प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। यह भी पाया गया कि बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। बुधवार को प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस की प्रारंभिक जांच में ये तथ्य सामने आए।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कमलुवागांजा रोड में दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए। आरटीओ गुरुदेव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक और बाइक दोनों कालाठूंगी की ओर को जा रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। इसके अलावा बाइक में सवार पिता, पुत्र व उनके साथ मौजूद किशोर में से किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। आरटीओ गुरदेव सिंह ने लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। निरीक्षण में एआरटीओ जितेंद्र संगवान, आरआई विनोद गुंज्याल समेत लोनिवि और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंपे
हल्द्वानी। मंगलवार को कमलुवागांजा रोड पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले जय सिंह व उनके पुत्र भूपेंद्र मौर्य के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर बरेली रवाना हो गए। जबकि इसी हादसे मौत का शिकार हुए 12 वर्षीय शिवम का अंतिम संस्कार उनके परिजनों ने हल्द्वानी में किया। हादसे में मारे गए तीनों लोग यहां हरिपुर नायक में रहते थे। माई सिटी रिपोर्टर