कालाढूंगी के पास सड़क हादसे के बाद परिजनों को फोन पर जानकारी देते घायल कार्तिक के पिता राकेश। सं?
- फोटो : KALADUNGI
कालाढूंगी (नैनीताल)। नैनीताल घूम कर घर लौट रहे पर्यटकों की कार कालाढूंगी से छह किमी पहले अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गईं जबकि कार में सवार परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि कार चला रहे तिलकराज को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे की सूचना पर कालाढूंगी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार जीवन नगर, सोनीपत (हरियाणा) निवासी तिलकराज (47) अपने परिवार के चार अन्य सदस्यों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। शनिवार दोपहर नैनीताल से लौटते वक्त उनकी कार कालाढूंगी से छह किमी पहले अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में तिलक राज के साथ उनकी पत्नी रिया (42), पुत्री डिंपल (19), काव्या (13) और साले का पुत्र कार्तिक निवासी संतनगर दिल्ली सवार थे। इस हादसे में तिलकराज की पत्नी रिया और पुत्री डिंपल की कार के अंदर दबने से मौके पर ही मौत हो गईं। घायलों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से खाई से बाहर निकाला।
एसओ राजवीर नेगी ने बताया कि घायलों को कालाढूंगी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायलों को कृ ष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कृष्णा अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. हरभजन सिंह का कहना है कि दोनों घायलों को आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
कालाढूंगी के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार। संवाद- फोटो : KALADUNGI