टीपीनगर में बैठक में मौजूद ट्रांसपोर्टर। स्रोत: महासंघ
हल्द्वानी। पुलिस के चालान, सप्ताहंत पर ट्रकों की आवाजाही रोकने से गुस्साए उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ऑनर्स महासंघ से जुड़े ट्रांसपोर्टरों ने 20 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। मंगलवार को महासंघ पदाधिकारियों की बैठक में इसका एलान किया गया है।
टीपीनगर में हुई बैठक में ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रकों के चालान किए जा रहे हैं। पिछले दिनों एक ट्रक का 2.41 लाख का चालान कर दिया गया। उन्होंने चालान का अधिकार परिवहन विभाग तक सीमित रखने की मांग की।
ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि वीकेंड के नाम पर ट्रकों की आवाजाही रोकने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। माल पहुंचाने में दो से तीन दिन लग रहे हैं। माल भाड़े का पुनर्निर्धारण न होने से भी ट्रांसपोर्टर परेशान हैं। उन्होंने चेताया कि यदि बुधवार तक उनकी मांगों पर गौर न किया गया तो बृहस्पतिवार से ट्रांसपोर्टर हड़ताल पर चले जाएंगे।
बैठक में महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी, ललित पाठक, दयाकिशन शर्मा, गिरीश मेलकानी, रोहित रौतेला, नीरज नेगी, जगमोहन उप्रेती भास्कर जोशी आदि मौजूद रहे।
न भाड़ा बढ़ा ना ही आई कमेटी की रिपोर्ट
ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि 15 जुलाई 2022 से मालभाड़ा बढ़ाने की कवायद चल रही है लेकिन अब तक यह लागू नहीं हो पाया है जबकि इन चार सालों में डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा आदि की दरों में 20 से 30 फीसदी तक का इजाफा हुआ है। ट्रांसपोर्टर हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि 14 दिसंबर 2024 को कुमाऊं कमिश्नर के साथ हुई वार्ता में मांगों के समाधान को कमेटी का गठन किया गया था लेकिन कमेटी की रिपोर्ट अभी तक लंबित है।