किच्छा। नगर के बंडिया चौराहे पर किराना स्टोर में हुई चोरी का खुलासा न होने से गुस्साए व्यापारियों ने प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर बृहस्पतिवार व शुक्रवार को बाजू पर काली पट्टी बांधकर पुलिस की कार्यशैली का विरोध करने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल ने शनिवार को किच्छा बंद का ऐलान भी कर रखा हैै।
25 मई की रात नगरपालिका के सभासद राजकुमार कोली की बंडिया स्थित किराना स्टोर की छत काट कर चोर दुकान के गल्ले से नकदी व महंगा मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। पुलिस चोरी की इस घटना का अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है। इस मामले को लेकर व्यापार मंडल व नगरपालिका के सभासद कोतवाली में दो बार धरना दे चुके हैं।
व्यापार मंडल के महामंत्री विजय अरोड़ा ने बताया कि धरने के बावजूद पुलिस विभाग सिर्फ आश्वासन देता है लेकिन नतीजा शूून्य है। उन्होंने बताया कि चोरी की घटना के खिलाफ बुधवार को बाजार में लाउडस्पीकर से प्रचार करवाया गया है कि व्यापारी बृहस्पतिवार व शुक्रवार को अपने बाजू पर काली पट्टी बांधकर पुलिस की कार्यशैली का विरोध करेंगे। बताया कि अगर चोरी की घटना का खुलासा शीघ्र नहीं किया गया तो शनिवार को बाजार बंद कर पुलिस का विरोध किया जाएगा।