नैनीताल। नैनीताल-कालाढूंगी रोड पर कुछ लोगों ने नैनीताल की ओर आ रहे सैलानियों के साथ अभद्रता कर मारपीट की और बाद में सैलानी की कार के शीशे भी तोड़ दिए। सैलानियों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार को भोजपुर मुरादाबाद निवासी हयान हुसैन कुछ लोगों के साथ घूमने के लिए नैनीताल आ रहे थे। बताया जाता है कि मंगोली के समीप एक युवक ने उनकी कार को ओवर टेक कर सामने से लगा दिया। हयान ने कार का हॉर्न बजाकर उस युवक को आगे बढ़ने के लिए कहा तो युवक अपनी टैक्सी से उतर कर हयान व उनके साथियों से उलझने लगा। आरोप है कि इस दौरान युवक ने अपने कुछ साथियों को भी मौके पर बुला लिया और पर्यटक के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवकों ने पर्यटकों पर लोहे की छड़ और बेल्ट से हमला किया और पर्यटकों की दो कारों के शीशे भी तोड़ दिए। पर्यटक जान बचाकर भागे। इस दौरान दो पर्यटकों के मोबाइल भी गिर गए। नैनीताल पहुंचने के बाद पर्यटकों ने अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रीतम सिंह ने बताया कि भोजपुर मुरादाबाद निवासी हयान हुसैन की शिकायत पर मामले में अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 341, 427, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।