भीषण गर्मी और पुरानी पेयजल लाइनों में पानी का प्रेशर कम होना लोगों के लिए समस्या बन गया है। साथ ही बार-बार बिजली जाने से नलकूपों के डिस्चार्ज का समय भी कम हो रहा है। इससे शहर और ग्रामीण इलाकों में घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
बुधवार को इंदिरानगर में नलकूप से पानी की आपूर्ति न होने से टैंकर भेजे गए। वहीं विभाग ने क्षेत्र के नलकूप के समय को बढ़ाया है इसके बावजूद भी कई घरों में समस्या बनी रही। इससे परेशान लोगाें ने जल संस्थान के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर पानी की समस्या दर्ज कराई। इस दौरान इंदिरानगर के अकरम ने बताया कि बीते एक सप्ताह से उनके घर में एक भी बूंद पानी नहीं पहुंचा है, जिससे उन्हें पानी भरने के लिए एक कॉलोनी से दूसरी कॉलोनी तक चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मेहरुनिशा ने कहा कि इस कारण उन्हें हर रोज सुबह से ही टैंकर का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन उसके बाद भी टैंकर आने के बाद उन्हें पानी नहीं मिल पा रहा है।
इंदिरा नगर क्षेत्र में नलकूप के माध्यम से पानी बांटा जाता है, लेकिन कुछ दिन से बिजली की आपूर्ति प्रभावित होने से परेशानी बढ़ी है। इसके लिए एक टैंकर भेजा है। नलकूप चलाने का समय भी बढ़ाया गया है। पुरानी लाइन होने से कुछ घरों में समस्या आई है।
रविंद्र कुमार, सहायक अभियंता, जल संस्थान
ट्रांसपोर्ट नगर में भी पेयजल किल्लत शुरु
हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बुधवार को पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशान होना पड़ा। क्षेत्र के संजय ब्रजवासी ने बताया कि बीते पांच दिनों से पानी नहीं आने से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हुए हैं। वहीं पालम सिटी के पास रहने वाले गौरव जोशी ने बताया कि उनके घर में भी दो दिन से पानी नहीं आया।