देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वीपी सिंह की पत्नी सीता कुमारी कार्बेट पार्क में तीन-तीन बाघों के दर्शन के बाद रविवार को लौट गईं। इस दौरान उन्होंने पार्क मैनेजमेंट के अधिकारियों और स्टाफ की भी सराहना की। वहीं सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एफएम इब्राहीम कलीफुल्ला को एक बाघ के दर्शन हुए।
सीटीआर के स्वागती ललित मोहन ने बताया कि श्रीमती कुमारी 23 अप्रैल को अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ तीन दिनी भ्रमण पर पार्क के ढिकाला जोन के खिनानौली गेस्ट हाउस पहुंचीं थीं। शनिवार को उन्हें पार्क भ्रमण के दौरान ढिकाला मेन गेट, बिच्छूबोजी, ठंडी सड़क में बाघ दिखा। बाद में धनगढ़ी वन दरोगा बालम सिंह रावत ने उन्हें म्यूजियम का भ्रमण कराने के साथ ही यहां की जैव विविधता के बारे में बताया।
इधर, सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एफएम इब्राहीम कलीफुल्ला दो दिनी कार्बेट पार्क भ्रमण के बाद रविवार को लौट गए। पार्क भ्रमण के दौरान उन्होंने ढिकाला ग्रास लैंड में रविवार सुबह एक बाघ का दर्शन किया। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का भी लुत्फ उठाया। इस दौरान उनके साथ पार्क के उपनिदेशक डा. साकेत बडोला भी मौजूद थे।