हल्द्वानी। हीरानगर में सुशीला तिवारी अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण जोशी के निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर पांच नवंबर की देर रात चोरों ने बिजली फिटिंग की केबल चुरा लिए। मामले में पुलिस ने आदेश कुमार, विकास कश्यप, शिवम कश्यप और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा को पुलिस ने पांच दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चारों आरोपी राजपुरा वार्ड-13 के निवासी हैं। इनमें आदेश और विकास सगे भाई हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से कॉपर वायर के दो डिब्बे और करीब छह किलो जला हुआ तार बरामद किया है।
सुशीला तिवारी अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. अरुण जोशी का हीरानगर क्षेत्र में मकान निर्माणाधीन है। पांच नवंबर की देर रात चारों आरोपी मकान में घुस गए और कमरों में की जा रही बिजली फिटिंग की केबल काटने लगे। इसी बीच सुरक्षा गार्ड की नजर उन पर पड़ गई। विरोध करने पर आरोपियों ने गार्ड को पीटा और उसे डराने-धमकाने के बाद हजारों रुपये की केबल समेटकर रफूचक्कर हो गए। जाते-जाते चोर सीसीटीवी कैमरों के एडॉप्टर भी उखाड़ ले गए।
डॉ. अरुण जोशी ने छह नवंबर को हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। लगातार सुराग जुटाने के बाद मंगलवार को पुलिस ने बनभूलपुरा-चोरगलिया रोड पर गौला पुल के पास आरोपियों को तार जलाते हुए दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदेश कुमार, विकास कश्यप, शिवम कश्यप और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा निवासी राजपुरा वार्ड-13 के रूप में हुई है। आदेश और विकास के खिलाफ पहले भी नकबजनी व चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं।
दोबारा वारदात करने पहुंचे
चिकित्साधीक्षक डॉ. अरुण जोशी के अनुसार, चोरी की पहली वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे दीपावली के दिन दोबारा उसी मकान में चोरी करने पहुंच गए। हालांकि, इस बार आसपास के लोगों की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में चोरों ने स्वीकार किया कि वे चोरी के बाद तार जलाकर कॉपर बेच देते हैं। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शेष दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
नशे की लत के लिए करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी 20 से 30 वर्ष की उम्र के हैं। पूछताछ में उन्होंने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरों ने मकान में लगी केबल को इस तरह काटा कि पूरी वायरिंग ही बेकार हो गई। अब मकान में नए सिरे से केबल डालनी पड़ेगी।
आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए दो अन्य युवकों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। - हरबंश सिंह, एसपी सिटी