हल्द्वानी। यूपीसीएल मानसून के मद्देनजर टीपीनगर, फूलचौड़ व फुटकुआं क्षेत्र में बिजली लाइनों के पास वाले पेड़ों की लोपिंग-चॉपिंग करेगा। ऐसे में नौ जून से 19 जून तक बिजली बाधित रहेगी। इसमें केवल 14 जून का शेड्यूल तय नहीं है। 10 दिन बिजली बाधित रहने से 15,000 से अधिक उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिविजन की ओर से काम की तिथि तय कर बिजली बाधित करने का शेड्यूल जारी किया गया है। इसके तहत पहले दिन फूलचौड़ बिजलीघर से आपूर्ति सुबह नौ से शाम पांच बजे तक ठप रहेगी। इसी तरह टीपीनगर बिजलीघर के अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह 10 से एक और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक का शेड्यूल तय किया गया है।
इसी तरह 10 जून को टीपीनगर, 11 से लेकर 16 जून तक फूलचौड़ व टीपीनगर बिजलीघरों की लाइनों पर काम होगा। 17 जून से लेकर 19 जून तक फुटकुआं सब स्टेशन क्षेत्र में दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक बिजली बाधित रहेगी।
अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह ने बताया कि वर्षाकाल में उपभोक्ताओं को बिजली अव्यवस्था का सामना न करना पड़े इसके लिए लाइनों के पास से गुजर रहे पेड़ों की छंटाई कराई जा रही है।
यह क्षेत्र रहेंगे प्रभावित
धनपुरी, संगम विहार, पंचायत घर, बेलबाबा, खन्ना फार्म, तल्ली हल्द्वानी, एफटीआई, जज फार्म, देवलचौड़, गन्ना सेंटर आदि।